Dindori News : चटुवा सामुदायिक भवन हादसे पर सरपंच का स्पष्टीकरण, बोले— ‘कोई मजदूर मलबे में नहीं दबा, वायरल दावे भ्रामक…..

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

— प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया हादसे का कारण, कहा— तकनीकी खराबी से गिरी मिक्सर मशीन, एक मजदूर को आई थी मामूली चोट

डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत चटुवा में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन में हुए हादसे को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच रामनरेश धुरैया ने विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष सामने रखा है। उन्होंने सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों का खंडन करते हुए कहा कि घटना को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया गया और कई दावे तथ्यहीन हैं।

सरपंच के अनुसार 9 जुलाई 2026 को सामुदायिक भवन के बड़े लैंटर की ढलाई का कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर वे स्वयं, पंचायत सचिव और संबंधित उपयंत्री मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान मिक्सर मशीन (लिफ्ट) में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण मशीन सेंटिंग पर गिर गई। मशीन का भार अधिक होने से भवन के एक हिस्से की सेंटिंग झूल गई और कुछ समय के लिए निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।

 

सरपंच ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी भी मजदूर के मलबे में दबने की बात पूरी तरह गलत है। उनके अनुसार केवल एक मजदूर को बल्ली लगने से हल्की चोट आई थी। घटना के तुरंत बाद उसे जनपद सदस्य के वाहन से जिला अस्पताल डिंडौरी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह सुरक्षित अपने घर लौट गया।

 

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार माध्यमों में कई मजदूरों के मलबे में दबने, गंभीर रूप से घायल होने तथा सरपंच, पंचायत सचिव और उपयंत्री के घटनास्थल से भाग जाने जैसी खबरें प्रसारित की गईं, जबकि ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ। सरपंच ने इन खबरों को भ्रामक और निराधार बताते हुए कहा कि इससे ग्राम पंचायत की प्रतिष्ठा और उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भविष्य में भी गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य जारी रखेगी। हालांकि, यह स्पष्टीकरण सरपंच का आधिकारिक पक्ष है। यदि मामले में प्रशासन या किसी जांच एजेंसी द्वारा जांच की जाती है, तो उसका निष्कर्ष ही अंतिम और प्रमाणिक माना जाएगा।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *