— एक ही स्थान पर 4 वर्ष और एक ही अनुभाग में 10 वर्ष पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को किया गया स्थानांतरित, प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की पहल
मध्यप्रदेश के शहडोल पुलिस अधीक्षक के द्वारा स्थानांतरण नीति 2026 के तहत जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार एक ही पदस्थापना स्थल पर लगातार चार वर्ष तथा एक ही अनुभाग में दस वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर चुके अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक दृष्टि से स्थानांतरित किया गया है। यह कार्रवाई प्रभारी मंत्री की स्वीकृति के उपरांत की गई है।
जारी आदेश में कुल 110 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीन पदस्थापना दी गई है। इनमें एक उप निरीक्षक, एक महिला कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक, कई कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, महिला प्रधान आरक्षक, आरक्षक एवं महिला आरक्षक शामिल हैं।
तबादला सूची के अनुसार उप निरीक्षक आनंद कुमार झारिया को सोहागपुर से कोतवाली भेजा गया है, जबकि यातायात शाखा में पदस्थ प्रियंका शर्मा को रक्षित केंद्र में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा कोतवाली, सोहागपुर, जैतपुर, गोहपारू, सिंहपुर, धनपुरी, अमलाई, बुढार, ब्यौहारी, देवलोंद, जयसिंहनगर, खेरहा, पपौंध, केशवाही, महिला थाना तथा यातायात शाखा सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक फेरबदल किया गया है।
आदेश के तहत कई प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महिला थाना, यातायात शाखा और कोतवाली सहित संवेदनशील इकाइयों में भी कर्मचारियों का पुनर्विन्यास किया गया है। पुलिस विभाग का मानना है कि इस बदलाव से पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, कार्यकुशलता बढ़ाने तथा प्रशासनिक संतुलन स्थापित करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। देखें पूरी लिस्ट…




