— 13 जून को जारी आदेश में कई जिलों की स्वास्थ्य संस्थाओं में नई पदस्थापना, तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तबादले
भोपाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) मध्यप्रदेश ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में कार्यरत 199 संविदा स्टाफ नर्सों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। अपर मिशन संचालक द्वारा 13 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगे।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश में प्रदेश के विभिन्न जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), सिविल अस्पतालों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यूपीएचसी) में पदस्थ संविदा स्टाफ नर्सों को आवश्यकता के अनुसार अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में पदस्थ किया गया है। स्थानांतरण के बाद भी कर्मचारियों की संविदा सेवा शर्तें यथावत रहेंगी।
आदेश के तहत इंदौर, भोपाल, दमोह, राजगढ़, रायसेन, शाहडोल सहित कई जिलों में पदस्थ नर्सों को सीहोर, सागर, विदिशा, उज्जैन, सिंगरौली समेत अन्य जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एनएचएम का मानना है कि इस कदम से स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन का बेहतर प्रबंधन होगा और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
एनएचएम मुख्यालय ने संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यदि कोई कर्मचारी 30 दिनों से अधिक समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित है, सेवा में कार्यरत नहीं है, उसका अनुबंध समाप्त हो चुका है अथवा उसके विरुद्ध कोई न्यायालयीन या आपराधिक प्रकरण लंबित है, तो उसे कार्यमुक्त न किया जाए और इसकी जानकारी तत्काल मुख्यालय को भेजी जाए।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि नवीन पदस्थापना स्थल पर पद रिक्त नहीं है, तो संबंधित विकासखंड की अन्य रिक्त स्वास्थ्य संस्था में समायोजन की कार्रवाई की जाए। आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित कलेक्टरों, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, सिविल सर्जनों तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। देखें पूरी लिस्ट….

