Big Breaking: जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा गांजा तस्कर, 1 किलो 995 ग्राम गांजा बरामद….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

शाहपुर पुलिस की घेराबंदी में पकड़ा गया आरोपी, बाइक सहित 81 हजार रुपये की संपत्ति जब्त

डिंडौरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 995 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल समेत कुल 81 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस को 14 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहा है।

 

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम जमगांव से विक्रमपुर जाने वाले जंगल मार्ग पर ग्राम टिकरिया के समीप घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास रखे काले रंग के बैग से 1 किलो 995 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस ने आरोपी मुकेश दुबे (42 वर्ष), निवासी विक्रमपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-52-एमई-3378 भी जब्त की गई। गांजा और मोटरसाइकिल सहित कुल 81 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।

 

आरोपी के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव, प्रधान आरक्षक कोदूराम जोगी, आरक्षक रोहित मरकाम, दीपक धुर्वे एवं अंकित मरावी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *