डिंडौरी। खरीफ वर्ष 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने और अवैध विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न खाद-बीज विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण करते हुए अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की है।
उपसंचालक कृषि एवं अनुज्ञप्ति अधिकारी संजय दोशी के मार्गदर्शन में गठित जिला स्तरीय निगरानी दल एवं विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल ने बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समितियों शाहपुर एवं विक्रमपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की गई। साथ ही लैंप्स प्रबंधकों को उर्वरक विक्रय दरों का प्रदर्शन बोर्ड लगाने तथा किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी दौरान विक्रमपुर स्थित निजी संस्थान चौकसे बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि संस्थान द्वारा बिना वैध लाइसेंस के खाद एवं कीटनाशकों का विक्रय किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए निरीक्षण दल ने मौके पर लगभग 26 हजार रुपये मूल्य के उर्वरक एवं कीटनाशकों को जब्त कर लिया। विभाग ने संबंधित संस्था के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा और कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना लाइसेंस या नियमों के विपरीत खाद, बीज एवं कीटनाशकों का विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि डॉ. नेहा धूरिया, कृषि विकास अधिकारी श्रीमती अर्चना गोहिया, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पी.सी. वरकड़े एवं कृषि विस्तार अधिकारी आरती चौरसिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




