डिंडौरी। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगांव माल में निर्माण कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितता और शासकीय राशि के गबन का मामला सामने आया है।
दरअसल ग्रामीणों ने कलेक्टर डिंडौरी को शिकायत पत्र सौंपकर सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक पर फर्जी बिल-वाउचर लगाकर लाखों रुपये की राशि आहरित करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि पंचायत में 5वें और 15वें वित्त, टाइड-अनटाइड फंड, पंचपरमेश्वर एवं मनरेगा योजना के तहत स्वीकृत कई निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार किया गया और कई कार्य या तो गुणवत्ताहीन कराए गए या फिर बिना निर्माण के ही भुगतान निकाल लिया गया।
शिकायत के अनुसार पानी टंकी के पास से देवगांव तक बनाए गए सीसी रोड निर्माण कार्य में मजदूरों के स्थान पर मशीन से खुदाई कराई गई, जबकि दस्तावेजों में मजदूरी और निर्माण लागत अधिक दर्शाकर राशि निकाली गई। आरोप लगाया गया है कि वास्तविक लागत से अधिक भुगतान फर्जी बिल-वाउचर के माध्यम से किया गया।
ग्रामीणों ने किरिगहा नाला डोमेटदर में पुलिया निर्माण कार्य और देवगांव माल स्कूल के पास पुलिया निर्माण के नाम पर लाखों रुपये आहरित करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि मौके पर केवल प्लेथ का कार्य किया गया, जबकि पुलिया निर्माण नहीं हुआ। इसके बावजूद कार्य पूर्ण दर्शाकर शासकीय राशि निकाल ली गई।
इसी प्रकार सरवानी नाला देवगांव में पुलिया निर्माण कार्य के नाम पर भी फर्जी भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मौके पर कोई पुलिया नहीं बनी, लेकिन दस्तावेजों में निर्माण कार्य पूर्ण दिखाकर राशि आहरित कर ली गई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि देवगांव स्थित स्कूल के पास दो पुलिया निर्माण कार्यों के नाम पर लाखों रुपये निकाले गए, जबकि स्थल पर पुलिया निर्माण नहीं हुआ। इसके अलावा स्कूल के पास दो कचरा घर निर्माण के नाम पर भी राशि निकाली गई, लेकिन मौके पर कचरा घर नहीं बनाए गए।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शासकीय राशि की वसूली की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद पंचायत क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।




