Corruption News: गुणवत्ताहीन नाली निर्माण से ग्रामीण परेशान, हादसे का बढ़ा खतरा…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुख्यालय सक्का में मंडला-डिंडौरी हाईवे सड़क निर्माण कार्य के साथ बनाई जा रही नाली की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण कार्य बेहद घटिया तरीके से किया जा रहा है, जिसके चलते निर्माणाधीन नाली कई स्थानों पर अभी से टूटने लगी है।

 

 

ग्रामीणों के अनुसार नाली के ऊपर डाले गए कांक्रीट स्लैब कई जगह से टूट चुके हैं, जबकि कुछ स्थानों पर गैप छोड़ दिए गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और खेल मैदान व तालाब की ओर जाने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बच्चे नाली में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

 

 

ग्रामीणों ने बताया कि विगत माह जवारे विसर्जन के दौरान भी एक महिला टूटे हुए हिस्से में गिरकर घायल हो गई थी। सक्का गांव साप्ताहिक हाट बाजार वाला क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में अधूरे और कमजोर निर्माण कार्य से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है।

 

 

इनका कहना है

“हम समस्त ग्रामवासी चाहते हैं कि टूटी हुई नाली का शीघ्र सुधार कार्य कराया जाए और गुणवत्तापूर्ण निर्माण किया जाए।” — कमलाकांत शुक्ला, पंच एवं पूर्व सरपंच

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *