Police Update : डिंडौरी में नए पुलिस कप्तान की एंट्री, पहली बैठक में अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने सोमवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

 

पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक खरे ने जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली और अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के सात कर्मचारियों को आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति उपरांत वरिष्ठ पदभार भी ग्रहण कराया।

 

पुलिस अधीक्षक खरे ने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और कर्तव्यों में वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर एसडीओपी सतीश द्विवेदी, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं कार्यालयीन स्टाफ की अपराध समीक्षा एवं परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराध, गंभीर प्रकरण, फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

पुलिस अधीक्षक खरे ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, बीट व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *