Dindori News : अब नहीं चलेगी अफसरों की ढिलाई! कलेक्टर ने लगाई फटकार, लंबित शिकायतों पर होगा एक्शन….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का जिम्मेदारीपूर्वक निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। जिन विभागों द्वारा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का अटेंड नहीं किया गया है, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन विभागों में बार-बार शिकायतें दर्ज हो रही हैं, वहां संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

 

 

बैठक में कलेक्टर ने विकासखंड अमरपुर के जनपद पंचायत मैदान में जनसुनवाई चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में आम जनता की स्थानीय समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाए। शिविर में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ सीईओ जिला पंचायत, कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

 

 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी खरीदी सीजन में ऐसे उपार्जन केंद्र विकसित किए जाएं जहां सामग्री सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था हो और बारिश के पानी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। आबकारी विभाग को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विकासखंड स्तर पर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

 

 

जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को 30 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आंगनबाड़ी, विद्यालय, शासकीय भवनों तथा अपने घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि वर्षा जल संरक्षण से भूजल स्तर बनाए रखने में मदद मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से राहत मिलेगी।

 

 

परिवहन विभाग को जिले की सड़कों पर संचालित बसों की नियमित जांच कर बिना परमिट चलने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम बजाग भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेंद्र कुमार जाटव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *