डिंडौरी। जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने 15 मई 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध परिवहन करते पाए गए तीन वाहनों पर कार्रवाई की।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नान, तहसील डिंडौरी एवं थाना समनापुर क्षेत्र में एक डम्फर क्रमांक MP18GA4420 को अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन को जप्त कर थाना समनापुर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
वहीं ग्राम मोहत्तरा, तहसील बजाग में एक बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली, इंजन नंबर MP52ZA1411, को खनिज गिट्टी का ओवरलोड एवं अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जप्त किया गया। उक्त वाहन को थाना गाड़ासरई में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
इसके अलावा ग्राम धनुवासागर, तहसील डिंडौरी में एक नीले रंग का बिना नंबर सोनालिका ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते पाया गया। संबंधित ट्रैक्टर को थाना कोतवाली में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने बताया कि तीनों मामलों में खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा प्रकरण न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।




