मध्यप्रदेश के ग्वालियर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए ग्वालियर संभाग आयुक्त ने नगर निगम ग्वालियर में पदस्थ सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग संजीव कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सीवर एवं पेयजल संबंधी कार्यों में गंभीर लापरवाही और अधिकारियों को संतोषजनक जवाब नहीं देने के कारण की गई है।
जारी आदेश के अनुसार गुप्ता वर्तमान में कार्यपालन यंत्री, जल प्रदाय/सीवर, नगर निगम ग्वालियर के अधीन कार्यरत थे। उन्हें अमृत 2.0 सीवरेज प्रोजेक्ट और डीपीआर से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन समीक्षा बैठकों में कार्यों के प्रति उदासीनता और समन्वय की कमी सामने आई।
जानकारी के मुताबिक 20 अप्रैल 2026 को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा बैठक में भी संबंधित कार्यों में प्रगति नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद उनके 15 दिन का वेतन काटने का प्रस्ताव भी भेजा गया था।
वहीं 8 मई 2026 को अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग के ग्वालियर दौरे के दौरान शहर में सीवर और पेयजल व्यवस्थाओं की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई गई। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर समस्याएं मिलने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अधिकारियों ने गंभीर अप्रसन्नता व्यक्त की।
आदेश में कहा गया है कि समीक्षा बैठक में मांगी गई जानकारी भी गुप्ता द्वारा तथ्यात्मक रूप से प्रस्तुत नहीं की गई, जिसके चलते उनके खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ग्वालियर रहेगा और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

