— “वॉश ऑन व्हील” प्रशिक्षण से गांवों में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत
डिंडौरी। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “वॉश ऑन व्हील” प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी दिव्यांशु चौधरी ने की। प्रशिक्षण में स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता साथी के माध्यम से गांवों में स्वच्छता और पेयजल प्रबंधन को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई, नल मरम्मत एवं सफाई, संस्थागत शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पेयजल की गुणवत्ता जांच संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में जल परीक्षण की प्रक्रिया एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक सावधानियों के बारे में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
