डिंडौरी । विगत दिनों थाना करंजिया परिसर स्थित श्री सिद्ध बाबा मंदिर में विगत दिवस श्रद्धा और भक्ति के माहौल में श्रीराम कथा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कथा वाचक शिक्षक नर्मदा प्रसाद ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने श्री हनुमान जी महाराज की सेवा भावना और अटूट भक्ति का वर्णन करते हुए कहा कि जिस प्रकार हनुमान जी और वानर सेना ने भगवान की सेवा में समर्पण भाव दिखाया, उसी प्रकार आज देश का पुलिस बल भी समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में निरंतर सेवा कर रहा है, जिसके कारण आमजन सुरक्षित हैं। इस अवसर पर थाना प्रभारी उसराठे, उपनिरीक्षक नेती सहित थाना स्टाफ, पदाधिकारी एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ।





