Big Breaking : डिंडौरी में भीषण आग का कहर ! पलक झपकते ही राख बनी पूरी गृहस्थी—जानिए कैसे हुआ ये हादसा…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम जारासुरंग का मामला 

डिंडौरी। जिले के करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम जारासुरंग में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कच्चे मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर उसकी चपेट में आ गया और कुछ ही देर में गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जारासुरंग निवासी अमृत कोर्चाम (पिता सम्मेलाल, उम्र लगभग 59 वर्ष) के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने के दौरान परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटों ने पूरे मकान को घेर लिया। आग की चपेट में आकर घर में रखा अनाज, कपड़े, नगदी, बर्तन सहित रोजमर्रा के उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।

 

 

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

 

ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग भड़की हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा के जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत राशि एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इस कठिन परिस्थिति से उबरने में मदद मिल सके।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *