डिंडौरी। विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) के लिए संचालित विशेष अभियान “विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार” के तहत डिंडौरी जिले ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अभियान के तीसरे चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डिंडौरी मध्यप्रदेश के टॉप-5 जिलों में शामिल हो गया है।
— 8.7 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बनाई पहचान
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) मध्यप्रदेश के निदेशक श्री सुमित मिश्रा ने कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया को प्रशंसा पत्र भेजकर जिले की इस उपलब्धि पर बधाई दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक चले अभियान के तीसरे चरण में डिंडौरी ने 8.7 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज कर प्रदेश में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
— टीम वर्क और समन्वय की सराहना
निदेशक मिश्रा ने अपने संदेश में जिला शिक्षा विभाग और जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी (DEGS) के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रभावी नेतृत्व और टीमवर्क के चलते विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट कार्य सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
— अगले चरण की तैयारी शुरू
प्रशंसा पत्र में बताया गया है कि स्कूलों के पुनः खुलने पर 1 जुलाई 2026 से अभियान का अगला चरण प्रारंभ किया जाएगा। उम्मीद जताई गई है कि डिंडौरी जिला आगे भी इसी गति से कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करेगा।
यह उपलब्धि न केवल जिला प्रशासन के लिए गौरव का विषय है, बल्कि इससे विद्यार्थियों को आधार आधारित सेवाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।




