Voter ID Update 2026 : MP सहित डिंडौरी में मतदाता सूची अपडेट करने विशेष अभियान, नए वोटरों को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

— फॉर्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीयन, राजनीतिक दलों से बीएलए के माध्यम से सहयोग की अपील

डिंडौरी। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची को अद्यतन करने और सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं सहित ऐसे नागरिक, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य में सहयोग करने की अपील की।

फॉर्म-6 से जुड़ेगा नए मतदाताओं का नाम

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरकर आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 जमा करने के बाद अलग से घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।

हर जिले में चल रहा विशेष अभियान

प्रदेश के सभी जिलों में नए मतदाताओं और पंजीयन से छूटे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम एवं तहसीलदार और जिला स्तर पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है।

डिंडौरी जिले के पात्र नागरिक भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.पी.एस. जादौन तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव और वीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *