मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग ने अप्रैल माह में लगातार तीन अलग-अलग आदेश जारी कर माध्यमिक शिक्षकों के तबादले किए हैं। इन आदेशों के तहत छिंदवाड़ा, खंडवा और रतलाम जिलों में पदस्थ शिक्षकों को रायसेन और ग्वालियर जिलों में नई पदस्थापना दी गई है। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
पहले आदेश (15 अप्रैल 2026) में श्रीमती सरिता शिल्पी, माध्यमिक शिक्षक (गणित), को छिंदवाड़ा जिले के मझगवां स्कूल से हटाकर रायसेन जिले के सीनियर कन्या छात्रावास बाड़ी में पदस्थ किया गया है।
इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को जारी दूसरे आदेश में सुश्री सुष्मि भदौरिया, माध्यमिक शिक्षक (गणित), को खंडवा जिले से स्थानांतरित कर रायसेन जिले के ओबेदुल्लागंज स्थित कन्या छात्रावास में भेजा गया है।
वहीं तीसरे आदेश (21 अप्रैल 2026) के तहत श्रीमती मीरा शर्मा, माध्यमिक शिक्षक (संस्कृत), को रतलाम जिले के बाजना से हटाकर ग्वालियर जिले के ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय झराली में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा जारी तीनों आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यह तबादले स्थानांतरण नीति 2025 की कंडिका 9.7 के तहत किए गए हैं और आगामी आदेश तक संबंधित शिक्षकों को नई पदस्थापना स्थल पर कार्य करना होगा।
लगातार जारी हो रहे इन तबादला आदेशों से शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी शिक्षकों के स्थानांतरण होने की संभावना जताई जा रही है।



