डिंडौरी। शिक्षकों के हित में डॉ. मोहन यादव सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए TET मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका (रिव्यू पिटीशन) दाखिल की है। इस निर्णय से प्रदेशभर के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष रामकुमार गर्ग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संगठन द्वारा लगातार ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक “मुख्यमंत्री अनुरोध महारैली” निकालकर शिक्षकों के हित में निर्णय लेने की मांग की जा रही थी। शिक्षकों के इस निरंतर आंदोलन और आग्रह का असर अब साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि सांसद दर्शन सिंह चौधरी, पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार, सांसद सुमेर सिंह सोलंकी सहित संगठन के पदाधिकारियों—जगदीश यादव, राकेश दुबे, भरत पटेल, डी.के. सिंगौर, शिल्पी शिवान एवं परमानन्द डहेरिया—के अथक प्रयासों और शिक्षकों के संघर्ष को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने शिक्षकों को समाज का गौरव बताते हुए उनके सम्मान और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
इधर, इस फैसले के समर्थन में करंजिया क्षेत्र से बड़ी संख्या में शिक्षक भोपाल के लिए रवाना हुए हैं, जहां वे आगे की रणनीति और आंदोलन को लेकर एकजुटता प्रदर्शित करेंगे। शिक्षकों में सरकार के इस कदम को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
