Student Politics : छात्र संघ चुनाव को लेकर कांग्रेस एक्टिव, डिंडौरी समेत 8 जिलों की कमान विजय रजक के हाथ…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी छात्र संघ चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए छात्र संघ चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले ने इस संबंध में 21 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया।

जारी सूची के अनुसार भोपाल में प्रकाश चौकसे, इंदौर में अमन बजाज और ग्वालियर में हेवरन कंसाना को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर की जिम्मेदारी मंजुल त्रिपाठी को सौंपी गई है।

सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ के लिए अक्षय दुवे, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर के लिए अजय यादव को प्रभारी बनाया गया है। वहीं बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा की जिम्मेदारी विजय रजक को दी गई है।

इसी तरह नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल का प्रभार मयूर जायसवाल, भिंड, मुरैना और श्योपुर का सचिन द्विवेदी तथा रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा का प्रभार अर्पित उपाध्याय को सौंपा गया है। शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और दतिया की जिम्मेदारी सौरभ यादव को दी गई है।

धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर के लिए दीपक डंडीर तथा उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच के लिए डॉ. विजय बोडाना को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।

छात्र संगठन को मजबूत करने पर जोर

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी नवनियुक्त चुनाव प्रभारियों से आगामी छात्र संघ चुनाव में सक्रियता से दायित्व निभाने की अपेक्षा की है। पत्र में छात्र संगठन समर्थित छात्रों को पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराने और उन्हें चुनाव में विजय दिलाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही संबंधित जिला प्रभारी तथा जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों से चुनाव प्रभारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा गया है। कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति को आगामी छात्र संघ चुनाव की तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *