डिंडौरी। गोवा के नवेलिम स्थित मनोहर पार्कर इंडोर स्टेडियम में आयोजित इंडो-श्रीलंका ओपन कराते चैम्पियनशिप-2026 में डिंडौरी की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कराते प्रशिक्षक मनीषा बैरागी के मार्गदर्शन में शामिल खिलाड़ियों ने काता और कुमीते इवेंट में कुल 9 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में मैना वालरे ने 55 किलोग्राम वजन वर्ग के काता इवेंट में स्वर्ण पदक तथा कुमीते में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं गरिमा भारद्वाज ने 40 किलोग्राम वर्ग में काता और कुमीते दोनों में रजत पदक जीते।
इसी तरह दुर्गा अहिरवार ने 50 किलोग्राम वर्ग के काता और कुमीते दोनों इवेंट में रजत पदक प्राप्त किए। दामिनी परस्ते ने 55 किलोग्राम वर्ग में काता में रजत और कुमीते में कांस्य पदक हासिल किया। केशरी धुर्वे ने 55 किलोग्राम वर्ग के काता इवेंट में कांस्य पदक जीतकर जिले की पदक संख्या को 9 तक पहुंचाया।
कलेक्टर ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता में डिंडौरी का प्रतिनिधित्व कर वापस लौटे विजेता खिलाड़ियों का कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को खेल उपकरण या अन्य सामग्री की आवश्यकता होने पर उसे उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान कराते प्रशिक्षक मनीषा बैरागी का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मोहम्मद अहमद खान ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के रोशन बाबू झारिया, आरती सोंधिया, सुनीता धुर्वे और राजकुमार धुर्वे सहित अन्य उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

