— जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज़, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
डिंडौरी। जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से बैडमिंटन क्लब डिंडौरी द्वारा जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 फरवरी 2026 से इनडोर खेल परिसर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कलेक्ट्रेट परिसर डिंडौरी में किया गया। प्रतियोगिता 01 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में समनापुर, अमरपुर, करंजिया, बजाग, शहपुरा, मेंहदवानी एवं डिंडौरी विकासखंड से कुल 64 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच सिंगल एवं डबल मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिनमें युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ अंजू पवन भदोरिया ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना से खेलने का संदेश दिया। शुभारंभ अवसर पर पहला प्रदर्शनी मैच कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के मध्य खेला गया, जिसमें कलेक्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में जीत दर्ज की। इसके बाद खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला शुरू हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में विजेता को प्रथम पुरस्कार ₹5000, द्वितीय पुरस्कार ₹3000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बैडमिंटन क्लब के सदस्य राकेश सिहारे, अध्यक्ष सुरेन्द्र सरैया, उपाध्यक्ष जावेद खान (अमरपुर), सचिव एस. सिहारे, कोषाध्यक्ष सुशांत यादव, सहसचिव देवेन्द्र पटेल सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, लक्ष्मी बनावल, संतोषी यादव, रोशन बाबू झरिया, राजकुमार धुर्वे तथा भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर सहित बड़ी संख्या में सीनियर एवं जूनियर खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय इस आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिल रही है और युवाओं में खेल भावना के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास हो रहा है।


