— छह स्तरों की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद मिला राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर, इंदौर में लिया प्री-नेशनल प्रशिक्षण
डिंडौरी। जिले की होनहार खिलाड़ी शिवानी वरकड़े ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर डिंडौरी का नाम रोशन किया है। शासकीय सांदीपनि विद्यालय, शहपुरा की छात्रा शिवानी का चयन 14 वर्ष बालिका वर्ग की रग्बी प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है। वे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 70वीं शालेय राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में दिल्ली में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 28 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।
शिवानी ने शालेय खेल कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, विकासखंड, जिला, क्षेत्र, विभागीय राज्य और शालेय राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की। इन छह स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम में किया गया।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन और जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में जिले में शालेय खेल गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। जिला क्रीड़ा प्रभारी अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि शिवानी ने 17 से 21 अक्टूबर 2026 तक इंदौर में आयोजित प्री-नेशनल कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
शिवानी की उपलब्धि पर जिले में हर्ष
शिवानी के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने से विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, यशवंत साहू, संदीप सोनी, प्रशिक्षक अनिल लोधी, जागेश्वर नंदा, परवेज खान, नवीन खरगाल, कैलाश रजक, किरण यादव, विपिन शर्मा, अनूप मिश्रा, विपिन वर्मा और मीना मरावी सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने शिवानी को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
