— राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी 23 अक्टूबर को जबलपुर में दिखाएंगे दमखम
डिंडौरी। जिला कबड्डी संघ डिंडौरी द्वारा कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में सामुदायिक भवन, पुल पार डिंडौरी में सीनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन शहडोल जोन की प्रतियोगिता के लिए किया गया, जहां डिंडौरी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जोन में दूसरा स्थान हासिल किया।
शहडोल जोन की प्रतियोगिता में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और डिंडौरी की टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डिंडौरी के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, दमखम और खेल कौशल का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता 23 अक्टूबर 2026 को जबलपुर में आयोजित होने जा रही है।
प्रतियोगिता में कमलेश कुमार मरावी, सुदेश मरावी, प्रदीप परस्ते, सुशील धुर्वे, श्याम धुर्वे, आसाराम, देवेंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह, बलराम सिंह, वीरेंद्र यादव, संतोष पोशाम, गावस्कर, गजेंद्र और प्रवीण मरावी ने बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विधायक ओमकार मरकाम, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और जिला अध्यक्ष चमरू नेताम ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने कबड्डी को बढ़ावा देने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान चेतराम अहिरवार, ओम नमः शिवाय, राम परस्ते, अजय मरावी और खेल अधिकारी मोहम्मद अहमद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिला कबड्डी संघ की ओर से आगामी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों से सुबह और शाम सामुदायिक भवन, नर्मदा पुल के पास अभ्यास के लिए उपस्थित होने की अपील की गई है। इसके साथ ही 29 अक्टूबर 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलने की जानकारी भी दी गई है।
आगामी प्रतियोगिताओं और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए जिले के खिलाड़ी कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) नाम से बनाए गए समूह से जुड़ सकते हैं। संघ की ओर से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

