डिंडौरी। सोशल मीडिया पर मुस्लिम समाज के लिए कथित रूप से अपमानजनक और भड़काऊ शब्दों का उपयोग किए जाने के मामले में जामा मस्जिद कमेटी डिंडौरी और भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने थाना प्रभारी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सुमित गोयल, निवासी वार्ड क्रमांक 01, इमलीकुटी, ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर मुस्लिम समाज के लिए “कट्ट मुल्ले”, “कटुए” जैसे आपत्तिजनक एवं साम्प्रदायिक तनाव बढ़ाने वाले शब्दों का प्रयोग किया। संगठनों का कहना है कि यह टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती है बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने की भी आशंका उत्पन्न करती है।
जामा मस्जिद कमेटी ने थाना पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि उनके पास संबंधित पोस्ट, वीडियो और अन्य प्रमाण सुरक्षित हैं। समिति ने आरोपी के विरुद्ध धारा 153A, 295A, 506(2), 504 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है।
इसी तरह, भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला डिंडौरी ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कहा कि इस तरह की भाषा समाज में हिंसा भड़का सकती है। उन्होंने आरोपी पर धारा 153, 298, 196, 197, 505(2), 504, BNSS व आईटी एक्ट 67 के तहत अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है। दोनों संगठनों ने पुलिस से तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई करने और FIR नंबर उपलब्ध कराने की अपील की है।




