Shocking Incident in Dindori : मरम्मत की अनदेखी पड़ी भारी ! डिंडौरी में स्कूल की छत गिरी, 4 छात्राएं घायल – जर्जर भवन बने खतरा….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल जिले डिंडौरी में सरकारी स्कूल भवनों की बदहाल स्थिति बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला अमरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत देवरी माल से सामने आया है, जहां माध्यमिक विद्यालय की छत का प्लास्टर पढ़ाई के दौरान छात्रों के सर पर अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में चार छात्राएं घायल हो गईं। मिली जानकारी के मुताबिक घायल छात्राओं के नाम नेहा नंदा, गायत्री नंदा, संगीता ठाकुर और अनन्या नंदा बताए गए हैं। वहीं सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर में भर्ती कराया गया है। छात्राओं के सिर, कंधे और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सभी छात्राएं कक्षा में पढ़ाई कर रही थीं, तभी कमरे का लेंटर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हादसे से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और शिक्षकों की मदद से घायल छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय भवन की जर्जर हालत की जानकारी पहले ही कई बार प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

बरसात के मौसम में जगह-जगह से टपकते पानी और गिरते मलबे के बीच छात्र मजबूरी में पढ़ाई कर रहे हैं। अभिभावक भी अब अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता में हैं। बता दें कि इस हादसे ने एक बार फिर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर कर दी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर भवनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए या नए भवन का निर्माण किया जाए, ताकि भविष्य में बच्चों की जान खतरे में न पड़े।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *