RTE Fees Reimbursement: 8.19 लाख से अधिक विद्यार्थियों की नि:शुल्क शिक्षा के लिए जारी होगी फीस प्रतिपूर्ति राशि, नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का भी होगा लोकार्पण
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 अक्टूबर को नरसिंहपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 की फीस प्रतिपूर्ति राशि अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 20 हजार 456 अशासकीय स्कूलों के खातों में कुल 502 करोड़ रुपये की राशि भेजेंगे। इससे 8 लाख 19 हजार से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
अब तक 3,600 करोड़ रुपये से अधिक की फीस प्रतिपूर्ति
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत मध्यप्रदेश में गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक नि:शुल्क प्रवेश दिलाया जाता है। पात्र विद्यार्थियों की फीस की प्रतिपूर्ति सरकार द्वारा सीधे संबंधित निजी स्कूलों को की जाती है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के अवसर मिल सकें।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2011 से अब तक इस योजना के तहत 16 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए 3,600 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। अब 2024-25 के शैक्षणिक सत्र की प्रतिपूर्ति के लिए 502 करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे।
सांदीपनि विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम से लेकर आधुनिक प्रयोगशालाएं
नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का नवीन भवन विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया है। यहां केजी-1 से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक, शारीरिक और सर्वांगीण विकास के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं।
विद्यालय परिसर में डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों की खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए खेल मैदान और सुरक्षित आवागमन के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मेरिट सूची में स्थान हासिल कर चुकी हैं छात्रा माही साहू
विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इसी विद्यालय की छात्रा माही साहू ने कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ।
प्रदेश सरकार द्वारा सांदीपनि विद्यालय योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, आरटीई के तहत फीस प्रतिपूर्ति के माध्यम से पात्र बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
