भोपाल में होगा शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन, 8,473 अभ्यर्थी होंगे शामिल
डिंडौरी । मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2026 के द्वितीय चरण की प्रक्रिया 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस चरण में लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
द्वितीय चरण की प्रक्रिया भोपाल स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़ में आयोजित होगी। भर्ती के प्रथम चरण में लिखित परीक्षा 4 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 14 अगस्त 2026 को घोषित किया गया था।
जारी जानकारी के अनुसार सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों के लिए 256 अभ्यर्थी तथा जेल प्रहरी के 757 पदों के लिए 8,217 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं। इस तरह कुल 8,473 अभ्यर्थी अब भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण में शामिल होंगे।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों और मांगी गई जानकारी के साथ उपस्थित होना होगा। शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन से संबंधित विस्तृत जानकारी तथा आवश्यक प्रपत्र मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल और जेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए www.esb.mp.gov.in तथा jail.mp.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
