भोपाल । मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में अधिकारियों के वर्तमान दायित्वों में बदलाव के साथ कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आदेश के अनुसार अनिल सुचारी (2006 बैच) को सागर संभाग के आयुक्त पद से हटाकर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश भंडार गृह निगम, भोपाल पदस्थ किया गया है। वहीं दिलीप कुमार (2008 बैच) को आयुक्त उद्योग एवं प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए आयुक्त, सागर संभाग बनाया गया है।
अनुपमा श्रीवास्तव (2009 बैच) को सचिव, मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सतेन्द्र सिंह (2009 बैच) को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा अनुसूचित जाति विकास से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।
नेहा मारव्या सिंह (2011 बैच) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम, भोपाल पदस्थ किया गया है।
निधि निवेदिता (2012 बैच) को विकास आयुक्त-सह-प्रमुख राजस्व आयुक्त, मध्यप्रदेश तथा आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त, ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अनुराग वर्मा (2012 बैच) को प्रबंध संचालक, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, भोपाल बनाया गया है।
मयंक अग्रवाल (2013 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकसित भारत-रोजगार गारंटी आजीविका मिशन (ग्रामीण)-मध्यप्रदेश तथा मिशन संचालक, समग्र नर्मदा मिशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
संदीप जी.आर. (2013 बैच) को महिला एवं बाल विकास तथा अटल बिहारी वाजपेयी बाल आरोग्य एवं पोषण मिशन से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अविन प्रसाद (2014 बैच) को प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं नेहा जैन (2018 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी उज्जैन एवं अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम उज्जैन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन अधिकारियों को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी
सरकार ने अलग आदेश के तहत कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त विभागों की जिम्मेदारी भी दी है। रघुराज एम.आर. भापसे (2004 बैच) को वर्तमान दायित्वों के साथ तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
तरुण राठी (2010 बैच) को आदिवासी विकास आयुक्त के वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक, आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं, प्रबंध संचालक MAPCET तथा संचालक आदिम जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कुमार पुरुषोत्तम (2012 बैच) को आयुक्त उद्योग एवं प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वहीं शीतला पटले (2014 बैच) को श्रम आयुक्त, मध्यप्रदेश इंदौर का अतिरिक्त प्रभार और अनिशा श्रीवास्तव (2021 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्वालियर विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सरकार के इस फेरबदल को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी अगले आदेश तक अस्थायी रूप से इन दायित्वों का निर्वहन करेंगे।



