भोपाल। राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल ने कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा वर्ष 2025–26 की विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं आठ दिसंबर से तेरह दिसंबर 2025 तक निर्धारित समयानुसार आयोजित की जाएंगी। कक्षा तीन से पांचवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा प्रतिदिन प्रातः दस बजे से दोपहर बारह बजकर तीस मिनट तक और कक्षा छह से आठवीं की परीक्षा दोपहर एक बजकर तीस मिनट से शाम चार बजे तक आयोजित होने के निर्देश दिए गए हैं। समय-सारणी के तहत कक्षा तीन से पांच में प्रथम भाषा, गणित अथवा दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संगीत, द्वितीय भाषा, पर्यावरण अध्ययन तथा अतिरिक्त भाषा विषयों की परीक्षा क्रमवार आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा छह से आठवीं तक के लिए प्रथम भाषा, गणित अथवा संगीत, द्वितीय भाषा, विज्ञान, तृतीय भाषा तथा सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षाएं क्रम से संपन्न होंगी।

राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रथम भाषा के रूप में हिंदी, उर्दू अथवा मराठी चुनने पर विद्यार्थियों के लिए द्वितीय भाषा के रूप में अंग्रेजी चुनना अनिवार्य होगा, जबकि अंग्रेजी को प्रथम भाषा के रूप में लेने वाले विद्यार्थियों को द्वितीय भाषा में हिंदी का चयन करना पड़ेगा। इसके साथ ही उर्दू अथवा मराठी को प्रथम भाषा के रूप में लेने की स्थिति में तृतीय भाषा के रूप में हिंदी का चयन भी अनिवार्य किया गया है।

दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रावधानों के अनुसार अतिरिक्त समय और लेखक की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य शिक्षा केन्द्र ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में यदि किसी प्रकार का स्थानीय या अन्य अवकाश घोषित किया जाता है तो भी परीक्षा समय-सारणी में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं होगा और परीक्षा निर्धारित तिथियों पर ही आयोजित की जाएगी। आदेश के साथ जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को समय-सारणी के अनुरूप परीक्षा संचालन की तैयारी पूर्ण करने के निर्देश जारी किए गए हैं।




