— छात्रों को राहत, 10वीं-12वीं द्वितीय परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख आगे बढ़ी
भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। जारी आदेश के अनुसार अब विद्यार्थी 26 अप्रैल 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
मंडल द्वारा पूर्व में 15 अप्रैल 2026 को जारी पत्र के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी। लेकिन कई छात्रों द्वारा आवेदन न कर पाने की स्थिति को देखते हुए तिथि में वृद्धि की गई है, जिससे अधिक से अधिक परीक्षार्थियों को अवसर मिल सके।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया से जुड़े अन्य सभी नियम एवं निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे। आदेश 23 अप्रैल 2026 को भोपाल से जारी किया गया है। अब जिन विद्यार्थियों ने किसी कारणवश आवेदन नहीं किया था, वे निर्धारित नई तिथि तक अपना फॉर्म भर सकते हैं।

