MP BIG NEWS: मध्यप्रदेश में 12 IPS अधिकारियों के तबादले! किन जिलों को मिले नए SP? देखिए पूरी लिस्ट…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने 12 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों में फेरबदल किया गया है। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय, भोपाल और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, रघुवंश कुमार सिंह को अलीराजपुर से पुलिस मुख्यालय, भोपाल में उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, दीपक कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। नर्मदापुरम के वर्तमान पुलिस अधीक्षक साईकृष्ण एस. थोटा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैतूल जिले के पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन को नगरीय पुलिस भोपाल में पुलिस उपायुक्त (यातायात) बनाया गया है। उनकी जगह अमित सक्सेना बैतूल के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। अमित सक्सेना इससे पहले पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) के पद पर पदस्थ थे।

पन्ना जिले की पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू को सागर स्थित 10वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल का सेनानी बनाया गया है। वहीं, सव्यसाची सराफ को पन्ना का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। सराफ इससे पहले इंदौर में पुलिस अधीक्षक (सायबर) के पद पर कार्यरत थे।

इसी तरह, अंकित जायसवाल को हरदा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वे इससे पहले पुलिस अधीक्षक, रेल, भोपाल के पद पर पदस्थ थे। हरदा के वर्तमान पुलिस अधीक्षक शशाक को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है।

समर वर्मा को अलीराजपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले उज्जैन में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। उनकी सेवाएं सामान्य प्रशासन विभाग से वापस लेते हुए यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा अभिषेक आनंद को इंदौर स्थित 15वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल का सेनानी नियुक्त करते हुए पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (PTC), इंदौर के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्रुतकीर्ति सोमवंशी को ग्वालियर स्थित दूसरी वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल का सेनानी बनाया गया है। उन्हें 14वीं वाहिनी, ग्वालियर के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी अधिकारियों की पदस्थापना अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रखने का उल्लेख किया गया है। आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार गृह विभाग की सचिव कृष्णावेणी देशावतु द्वारा जारी किया गया है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *