— मनरेगा कर्मियों को बड़ी राहत, 87.51 करोड़ से होगा लंबित वेतन भुगतान
भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद ने मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर दी है। लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान को लेकर परिषद ने SNA-SPARSH प्रणाली के तहत प्रशासनिक मद में 87 करोड़ 51 लाख 76 हजार रुपये की राशि जारी कर दी है। इस निर्णय से जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को जल्द भुगतान मिल सकेगा।
— जारी आदेश के मुताबिक
दरअसल जारी आदेश के अनुसार यह राशि MIS रिपोर्ट “स्टाफ सैलरी स्टेटस” के आधार पर आवंटित की गई है। इससे दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक का लंबित वेतन, वैधानिक कटौतियां तथा प्रशासनिक खर्च जैसे पीओएल, वाहन किराया आदि का भुगतान किया जाएगा। साथ ही फरवरी 2026 तक के लंबित पारिश्रमिक के भुगतान के भी निर्देश दिए गए हैं।
परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आवंटित राशि से तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस फैसले के बाद मनरेगा कर्मियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से वेतन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। देखें आदेश.…

