कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जनजागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, किसानों को किया जाएगा जागरूक
डिंडौरी। जिले में खरीफ वर्ष 2026 के अंतर्गत रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारी शुरू हो गई है। योजना का लाभ लेने और शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए किसानों को ई-पंजीयन कराना अनिवार्य है। किसानों का पंजीयन 6 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है।
योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के किसानों को कोदो-कुटकी के ई-पंजीयन की प्रक्रिया, पंजीयन की अंतिम तिथि और योजना के लाभों की जानकारी देकर जागरूक करेगा।
जनजागरूकता रथ को रवाना करने के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी अशोक कुमार सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 5 नवंबर 2026 तक अपना ई-पंजीयन अवश्य करा लें, ताकि रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कोदो-कुटकी का विक्रय शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर कर सकें।

