Kisan Credit Card Dindori : डिंडौरी में किसान क्रेडिट कार्ड अभियान तेज, 27 हजार किसानों को लाभ देने का लक्ष्य….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। जिले के किसानों को अल्पकालीन फसल ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। मध्यप्रदेश शासन के आयुक्त एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल के निर्देशन तथा कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले की 44 सहकारी समितियों के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

 

अभियान के तहत सहकारी समितियों के कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पात्र किसानों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें समिति का सदस्य बनाकर किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिले में कुल 27 हजार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह विशेष अभियान 14 अप्रैल से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 तक जिले में 7 हजार 619 किसानों से सदस्यता आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1 हजार 212 किसानों ने सदस्यता शुल्क जमा कर किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है।

 

सहकारी समितियों के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड धारकों को नगद राशि के साथ खाद एवं बीज के रूप में ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। योजना के तहत किसानों को अल्पकालीन फसल ऋण पर शासन द्वारा शून्य प्रतिशत ब्याज का लाभ भी दिया जा रहा है, जिससे किसानों को खेती के लिए आर्थिक सहायता मिल सके।

 

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र भूमिधारी किसानों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया है, वे निकटतम सहकारी समिति में सदस्य बनकर योजना का लाभ प्राप्त करें। अभियान की सतत निगरानी सहायक आयुक्त सहकारिता एवं जिला सहकारी बैंक द्वारा की जा रही है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *