Jhanaki Accident News : झनकी के साप्ताहिक बाजार में दर्दनाक हादसा, उत्तम धुर्वे की मौत के बाद रेडक्रॉस ने मां को दिए ₹50 हजार….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— तेज रफ्तार ईको कार की टक्कर से हुई थी 27 वर्षीय युवक की मौत, शोकाकुल परिवार को आर्थिक संबल देने आगे आई रेडक्रॉस सोसाइटी

 

डिंडौरी। जिले के विगत दिनों करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम झनकी में साप्ताहिक बाजार के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तम सिंह धुर्वे के परिवार को रेडक्रॉस सोसाइटी ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। मृतक की मां समरबती बाई धुर्वे को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इस पहल का उद्देश्य दुख की घड़ी में परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना है।

 

जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को झनकी गांव में शुक्रवार के साप्ताहिक बाजार के दौरान तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई थी। अचानक हुए इस हादसे में सहजना गांव निवासी उत्तम सिंह धुर्वे उर्फ बिच्छू (लगभग 27 वर्ष) की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। घटना ने क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दी सहायता

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के दौरान एसडीएम बजाग पुष्पेंद्र अहके, एसडीओपी बजाग विवेक गौतम, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पंकज तेकाम, रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन नरेंद्र राजपूत और कोषाध्यक्ष सचिन जैन उपस्थित रहे।

इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कठिन समय में परिवार को सहयोग प्रदान किया। रेडक्रॉस सोसाइटी की इस पहल से हादसे में अपने बेटे को खो चुकी मां को आर्थिक सहारा मिला है।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *