डिंडौरी। देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ जिलेभर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। कलेक्टर ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन का दायित्व है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।
समारोह में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़े। सशस्त्र बलों ने हर्ष फायर किए, वहीं पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। परेड कमांडर के नेतृत्व में विशेष सशस्त्र बल 36वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला प्लाटून, जिला होमगार्ड सहित एनसीसी, स्काउट-गाइड और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
— बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां
मुख्य समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय और कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
— उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नरेन्द्र राजपूत, पंकज सिंह तेकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष आशा सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूद्रेश परस्ते, डीएफओ अशोक सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित जिले के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
