— राज्य सरकार का बड़ा फैसला, अप्रैल से मिलेगा 58% महंगाई भत्ता
भोपाल। होली के पावन अवसर पर डॉ. मोहन यादव ने राज्य के शासकीय सेवकों को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 55% से बढ़ाकर 58% करने का निर्णय लिया है। यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता भारत सरकार के समान अप्रैल 2026 (मई में देय) के वेतन से लागू होगा।
सरकार के निर्णय के अनुसार जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की एरियर राशि का भुगतान मई 2026 से प्रारंभ होकर 6 समान किस्तों में किया जाएगा। इससे प्रदेश के लगभग साढ़े सात लाख शासकीय कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही पेंशनर्स को भी राहत देते हुए जनवरी से फरवरी 2026 की पेंशन में 58% महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और कर्मचारियों-पेंशनर्स के हितों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत दिन में बड़वानी में आयोजित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, वहीं शाम को कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में यह बड़ा फैसला किया गया। इस निर्णय पर शासकीय शिक्षक संगठन, जिला डिंडौरी के अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला है।
