भोपाल। म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल (पूर्व म.प्र. राज्य ओपन स्कूल) ने शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा वर्ष 2025-26 के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड के अनुसार कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 23 फरवरी 2026 से प्रस्तावित हैं।
बोर्ड द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्व से दर्ज विद्यार्थियों की विषयवार संख्या का ऑनलाइन सत्यापन करना अनिवार्य होगा। यह प्रक्रिया म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट www.mpsos.nic.in के माध्यम से की जाएगी। लॉगिन के लिए विद्यालयों को अपना माध्यमिक शिक्षा मंडल का विद्यालय कोड (MPBSE कोड) दर्ज करना होगा।

सत्यापन के दौरान प्राचार्य एवं परीक्षा प्रभारी का नाम व मोबाइल नंबर तथा विद्यालय का यू-डाइस कोड दर्ज करना होगा। यदि विद्यालय में केवल कक्षा 9वीं संचालित है तो उसी की विषयवार संख्या प्रदर्शित होगी, जबकि कक्षा 9वीं एवं 11वीं दोनों संचालित होने पर दोनों कक्षाओं की जानकारी दिखाई देगी। किसी भी त्रुटि की स्थिति में “एडिट” विकल्प के माध्यम से सुधार कर सत्यापन करना होगा।

सत्यापन के बाद ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होगा। भुगतान क्यूआर कोड, नेट बैंकिंग या एमपी ऑनलाइन कियोस्क के जरिए किया जा सकेगा। परीक्षा शुल्क 65 रुपये प्रति विद्यार्थी निर्धारित किया गया है, साथ ही पोर्टल शुल्क कक्षा 9वीं के लिए 25 रुपये और कक्षा 9वीं व 11वीं दोनों होने पर 50 रुपये देय होगा। उदाहरण स्वरूप, यदि किसी विद्यालय में कुल 500 विद्यार्थी हैं, तो कुल शुल्क 32,550 रुपये होगा।
शुल्क भुगतान के पश्चात रसीद जनरेट होगी, जिसे विषयवार संख्या पत्रक के साथ सुरक्षित रखना अनिवार्य है। प्रश्नपत्र वितरण के समय इन दस्तावेजों की हार्ड कॉपी प्रस्तुत करनी होगी। यह समस्त प्रक्रिया 27 जनवरी 2026 तक पूर्ण करना अनिवार्य है। समय सीमा में जानकारी प्रविष्ट या शुल्क भुगतान नहीं करने पर विद्यालय को प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे। बोर्ड ने जिला शिक्षा अधिकारियों से सभी प्राचार्यों को निर्देशित करने एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर समय पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
