मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में कलेक्टर नेहा मारव्या के मार्गदर्शन में जिले में सेवा पखवाड़ा का आयोजन 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी के साथ जनहित से जुड़े कार्यक्रम और गतिविधियां संचालित होंगी।
कलेक्टर ने स्वच्छता पखवाड़ा अभियान की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी कार्ययोजना तैयार कर कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि शिविरों में अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आमंत्रित किया जाए।
सेवा पखवाड़ा में शामिल विभाग
पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा और जनजातीय कार्य विभाग इस अभियान में विशेष भूमिका निभाएंगे। इस अवधि में स्वच्छता अभियान, पोषण जागरूकता, शुद्ध पेयजल उपलब्धता, शिक्षा नवाचार, स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण, रक्तदान, पोषण आहार वितरण, महिला एवं बालिका सशक्तिकरण कार्यक्रम और आदिवासी विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायत और शहरी निकायों में विकास कार्यों की समीक्षा भी होगी।
स्वास्थ्य विभाग की भूमिका
स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं और समुदाय के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता में रखते हुए मातृ-शिशु सेवाओं में सुधार, किशोरियों में एनीमिया रोकथाम और पोषण स्तर बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम तय किए हैं। साथ ही गैर-संचारी रोगों जैसे हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मुख कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, एनीमिया, सिकल सेल और संचारी रोगों जैसे टीबी और कुष्ठ रोग की जांच एवं उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर जेपी यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सेवा पखवाड़ा का समापन 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान और कार्यक्रमों के साथ होगा।



