डिंडौरी। जिला कांग्रेस कमेटी डिंडौरी के द्वारा रेस्टहाउस में प्रेसवार्ता का आयोजन कर इंदिरा ज्योति अभियान की जानकारी दी गई और प्रेस विज्ञप्ति जारी किया गया। जिसमें बताया गया है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 12 जुलाई 2024 को प्रतिवर्ष 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ घोषित किए जाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के विरुद्ध दुष्प्रचार शुरू हुआ। इसके विरोध में सम्यक अभियान के तहत चार वर्षीय इंदिरा ज्योति अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य इंदिरा गांधी के कार्यों, विचारों और क्रांतिकारी निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान की जानकारी देते हुए लेखक एवं विचारक भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि इंदिरा गांधी सम्यक अभियान की प्रेरणाश्रोत हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रम का उत्तर उनके ऐतिहासिक योगदान और निर्णयों को जनता के सामने रखकर दिया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली, मुंबई, भोपाल, नागपुर, जयपुर और लखनऊ में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की गईं।
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर 2024 को ग्वालियर में इंदिरा गांधी की 107वीं जयंती को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए चार वर्षीय इंदिरा ज्योति अभियान की शुरुआत की गई। इंदिरा गांधी के 108वें जयंती वर्ष को सृजन वर्ष के रूप में मनाते हुए देशभर में 108 आयोजन किए गए। 108वां राष्ट्रीय स्तर का आयोजन भोपाल में आयोजित हुआ, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल हुए।
श्री रोकड़े ने बताया कि इंदिरा ज्योति अभियान मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में संचालित है। महात्मा गांधी द्वारा 6 जनवरी 1921 को छिंदवाड़ा से असहयोग आंदोलन की शुरुआत की गई थी। उसी स्थल से 6 जनवरी 2026 को इंदिरा ज्योति यात्रा प्रारंभ हुई। महाकौशल जोन में यह यात्रा छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर और कटनी होते हुए डिंडौरी पहुँची है। डिंडौरी के बाद यात्रा मंडला, बालाघाट और सिवनी जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगामी 24 जनवरी को भोपाल में भारतीय सशक्त महिला दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा, क्योंकि 24 जनवरी 1966 को श्रीमती इंदिरा गांधी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद यात्रा भोपाल जोन और बुंदेलखंड जोन के जिलों में जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश आयोजन समिति गठित की गई है। डिंडौरी जिले में अमित गुप्ता की अध्यक्षता में जिला आयोजन समिति बनाई गई है। रोकड़े ने बताया कि सम्यक अभियान के माध्यम से बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और किसानों को जोड़कर समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज की दिशा में कार्य किया जा रहा है।




