डिंडौरी। भाजपा जिला कार्यालय डिंडौरी में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके तेलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चमरु सिंह नेताम ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एक प्रमुख राजनीतिक चिंतक, अर्थशास्त्री एवं भारतीय जनसंघ के शीर्ष नेताओं में से थे। वे अपने दार्शनिक सिद्धांत ‘एकात्म मानव दर्शन’ के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी की विचारधारा का मूल आधार यह था कि विकास केवल भौतिक प्रगति तक सीमित न होकर भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होना चाहिए। व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच संतुलन और सामंजस्य को उन्होंने विकास का केंद्र बिंदु माना। उनके अनुसार आर्थिक नीतियों का उद्देश्य केवल उत्पादन और उपभोग बढ़ाना नहीं, बल्कि मानव के समग्र विकास को सुनिश्चित करना होना चाहिए। वे 1968 में अपने असामयिक निधन तक भारतीय जनसंघ का नेतृत्व करते रहे।
पूर्व जिलाध्यक्ष अवध राज बिलैया ने पं. दीनदयाल उपाध्याय को अंत्योदय और एकात्म मानववाद का प्रणेता बताते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही राष्ट्र के विकास का वास्तविक मापदंड है। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी के विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
मंडल अध्यक्ष आशीष वैश्य ने भी उन्हें निस्वार्थ कर्मयोगी और महान विचारक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि एकात्म मानव दर्शन के माध्यम से दिया गया अंत्योदय का मंत्र आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत बुनियाद है। राष्ट्र सेवा और समर्पण के उनके आदर्श सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर, सुधीर तिवारी, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, जिला उपाध्यक्ष महेश धुमकेती, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, वरिष्ठ नेता सुरेंद्र दुबे, राजेंद्र प्रसाद पाठक, वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, रजनीश राय, बोधराम सरैया, चंद्रशेखर नायक, राहुल पांडे, अविनाश छाबड़ा, राजेंद्र परमार, नरेश चंदेल, भागीरथ उरैती, तरुण ठाकुर, यशवंत तोमर, कान्हा शर्मा, शांतनु पाठक, मोहन सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
