डिंडौरी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा द्वारा मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही जिले को प्राथमिकता दी गई है । डिंडौरी जिले की महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सक्रिय नेत्री श्रीमती संतोषी रामजी साहू को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ और जमीनी स्तर पर सक्रिय महिला नेताओं को स्थान दिया गया है। प्रदेश स्तर पर श्रीमती विभा पटेल को अध्यक्ष और नूरी खान को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है, वहीं कई नई चेहरों को भी संगठन में शामिल कर नई ऊर्जा और संतुलन लाने की पहल की गई है।

संतोषी रामजी साहू की नियुक्ति को लेकर जिले की महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। स्थानीय महिला कांग्रेस ने इसे जिले की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि श्रीमती साहू की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और जनता से जुड़ाव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा ने कहा कि नई कार्यकारिणी प्रदेश में महिला कांग्रेस को नई दिशा देगी और महिलाओं के अधिकारों की आवाज को और बुलंद करेगी।





