Dindori News : खेत-खलिहान से अफ़सर बनने तक का सफ़र, MPPSC में डिंडौरी के सुरेन्द्र और दीपा ने रचा इतिहास…

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक संचालक उद्यान परीक्षा 2023 के परिणामों के बाद जारी नियुक्ति आदेशों में डिंडौरी जिले के दो प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का चयन जिले के लिए गौरव का विषय बना है। अमरपुर विकासखंड के ग्राम बिलगांव निवासी सुरेन्द्र सिंह श्याम और ग्राम लालपुर निवासी दीपा कुलेश ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता अर्जित कर प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है। दोनों ही चयनित अभ्यर्थियों को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अंतर्गत सहायक संचालक उद्यान के पद पर पदस्थापित किया गया है। सुरेन्द्र सिंह श्याम को जिला अनूपपुर और दीपा कुलेश को जिला मंडला में पदस्थापना प्रदान की गई है।

सुरेन्द्र सिंह श्याम का संबंध एक साधारण कृषक परिवार से है। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने शिक्षा को ही अपनी शक्ति बनाया और निरंतर मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा माध्यमिक शाला बिलगांव में हुई। इसके बाद उन्होंने जे.डी.ई.एस. जुनवानी से हाई स्कूल तथा उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर में प्रवेश लेकर स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की, जिसे उन्होंने वर्ष 2016 में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात वर्ष 2017 से वे ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के रूप में कार्यालय सहायक संचालक उद्यान जिला मंडला में सेवाएं देते रहे। इस दौरान उन्होंने उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देकर विभागीय पहचान बनाई।

इसी क्रम में अमरपुर विकासखंड के ग्राम लालपुर निवासी दीपा कुलेश ने भी सहायक संचालक उद्यान परीक्षा 2023 में सफलता अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है। दीपा कुलेश के पिता करम सिंह कुलेश राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त एसडीएचओ रह चुके हैं जबकि उनकी माता पंचवती कुलेश गृहिणी हैं। एक शिक्षित एवं अनुशासित पारिवारिक वातावरण में पली-बढ़ी दीपा ने प्रारंभिक शिक्षा छिंदवाड़ा जिले के शासकीय विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एग्रीकल्चर कॉलेज से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की।

दीपा कुलेश का कार्यानुभव भी उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर पाटन जबलपुर क्षेत्र में सेवाएं दीं। इसके पश्चात डिंडौरी जिले में कृषि विभाग में कृषि विस्तार अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने सहायक संचालक उद्यान परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अंततः सफलता हासिल की। चयन उपरांत उन्हें सहायक संचालक उद्यान विभाग जिला मंडला के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अपनी सफलता पर सुरेन्द्र सिंह श्याम एवं दीपा कुलेश दोनों ने माता-पिता गुरुजनों और मित्रों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि परिवार का विश्वास शिक्षकों का मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम ही इस उपलब्धि का आधार रहा है। दोनों होनहारों की नियुक्ति से ग्राम बिलगांव और ग्राम लालपुर सहित पूरे अमरपुर विकासखंड में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे डिंडौरी जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इन दोनों की सफलता से ग्रामीण अंचलों के युवाओं विशेषकर बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी और जिले की प्रतिभाएं आगे भी प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *