डिंडौरी। जनपद पंचायत करंजिया में नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में श्रमिक नियोजन बढ़ाया जाए और अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।
उन्होंने “एक बगिया मां के नाम” अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जनमन आवास योजना की समीक्षा के दौरान श्री चौधरी ने कहा कि सभी सचिव और जीआरएस आवास हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर कार्यों की गति बढ़ाएं। उन्होंने आवास योजना के अपूर्ण कार्यों की जानकारी न रखने वाले अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान समयसीमा में और संतोषजनक ढंग से किया जाए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बीईओ और बीआरसी को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा शैक्षणिक सत्र में निर्धारित पाठ्यक्रम को समय पर पूर्ण किया जाए। साथ ही विद्यालयों और शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
बैठक के पश्चात श्री चौधरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएमओ को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और दवाओं के स्टॉक की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने नव निर्मित पंचायत भवन मोहतरा का कार्य एक माह के भीतर पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत करंजिया के सीईओ अक्षय डिग्रसे, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राम मिलन रावत, सहायक यंत्री मनरेगा कशिश नायक, बीएमओ स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग के बीईओ-बीआरसी सहित समस्त योजना प्रभारी, सचिव, जीआरएस, मोबिलाइजर एवं पीसीओ उपस्थित रहे।





