Dindori News : जनकल्याण की बड़ी पहल—827 में से 812 आवेदनों का मौके पर निराकरण….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। आकांक्षी विकासखंड बजाग के बैगाचक क्षेत्र में शनिवार को लोक कल्याणकारी शिविर सह रोजगार मेले का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएँ, रोजगार के अवसर और विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जनपद अध्यक्ष फूलकली मरावी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में भारत माता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी तथा एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन भी उपस्थित रहे।

शिविर में कुल 827 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 812 हितग्राहियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 15 हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में लाभान्वित किया जाएगा। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि डिंडौरी जनजातीय बाहुल्य जिला है, इसलिए शासन की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से ग्रामीणों तक पहुँचाने के लिए हर शनिवार को जनपद स्तर पर लोक कल्याणकारी शिविर और स्वरोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ द्वार पर ही मिल सके।

विभागवार आंकड़ों के अनुसार सामाजिक न्याय विभाग के 8, श्रम विभाग 2, स्वच्छ भारत 2, पंचायत 6, खाद्यान्न 2, एसआईएस अनुपपुर 5, महिला एवं बाल विकास विभाग 106, उद्यानिकी 4, ग्रामीण आजीविका मिशन एवं आईटीआई 9, पशु चिकित्सा विभाग 18, जनजातीय कार्य विभाग 24 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण 19, टीबी जांच 17, बीपी 101, एचबी एनीमिया 123, सिकल सेल 32, शुगर 110, एक्स-रे 91, नेत्र परीक्षण 68, परामर्श सेवाएँ 57 और बाल स्वास्थ्य 23 सहित कुल 641 जांचें की गईं।

जनसभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी स्वयं गांवों में पहुँचकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रहे हैं। विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र का विकास तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और सभी को योजनाओं का अधिकतम लाभ लेना चाहिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *