Dindori News : बकाया बिजली बिल न चुकाने पर बड़ी कार्रवाई! 8.50 लाख के बकाया पर गिरी गाज,स्टोन क्रेशर का हटाया ट्रांसफार्मर…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। बकाया विद्युत बिलों की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार 05 फरवरी को बड़ी कार्रवाई की। बता दें कि डिंडौरी वृत्त अंतर्गत वितरण केंद्र शहपुरा में विद्युत अधिकारी आर.सी. साहू के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार शहपुरा स्थित स्टोन क्रेशर संचालक श्रीमती रेखा गोस्वामी, पति उदयगिरी गोस्वामी के नाम दर्ज सर्विस क्रमांक 1152027387 पर लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये का विद्युत बिल लंबे समय से बकाया था। उपभोक्ता को पूर्व में मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी समाधान योजना के तहत छूट का लाभ लेने की जानकारी दी गई थी तथा निर्धारित समय सीमा में बकाया राशि जमा करने के लिए समझाइश भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया।

बकाया राशि जमा न होने पर विभाग द्वारा गठित टीम गुरुवार को उपभोक्ता परिसर पहुंची और वहां स्थापित 200 केवीए ट्रांसफार्मर हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान उपभोक्ता द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। स्थिति को नियंत्रण में रखने और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा के प्रशासनिक सहयोग से पुलिस बल की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर हटाने की कार्रवाई सफलतापूर्वक पूर्ण की गई। प्रशासन और विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप बकाया विद्युत बिलों की वसूली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का पालन न करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोर्स:—जनसम्पर्क विभाग डिंडौरी

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *