मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूलों में शिक्षक का बर्ताव अगर ऐसा हो तो किसी का भी सिर शर्म से झुक जाएगा। जिले के मेंहदवानी विकासखंड के ग्राम सरसी माल स्थित प्राथमिक स्कूल में पदस्थ शिक्षक जनूराम धुर्वे शराब के नशे में स्कूल पहुंचा। इस कारण छोटे बच्चों में भय का माहौल बन गया और स्कूल में हड़कंप मच गया।
— ये रहा पूरा मामला
दरअसल शिक्षक जनूराम धुर्वे रोजाना की तरह स्कूल पहुंचे, लेकिन इस बार उनकी हालत शराब के नशे में होने के कारण बेहद खराब थी। लड़खड़ाती आवाज़ में बच्चों से बात करना, कुछ बच्चों को डांटना-धमकाना और अनुशासनहीन व्यवहार स्कूल में देखने को मिला। इससे छोटे-छोटे बच्चे डर गए और कई बच्चों की आंखों में आंसू भी थे।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षक की स्थिति देखकर तुरंत संकुल प्राचार्य और पुलिस को इसकी जानकारी दी। प्राचार्य मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसके बाद शिक्षा विभाग और पुलिस को भी पूरी घटना की सूचना दी गई।
बता दें कि इस घटना से अभिभावकों को चिंता सताने लगी है साथ ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सरकारी शिक्षक ही शराब के नशे में स्कूल आएंगे, तो बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा। उनका कहना है कि ऐसे शिक्षक बच्चों की शिक्षा और मानसिक विकास पर गंभीर असर डाल सकते हैं। वहीं शिक्षा विभाग ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी जल्द ही यह तय करेंगे कि शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए या नहीं। बरहाल इस घटना ने जिले शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह कि इस तरह अनुशासनहीनता करने वाली शिक्षक के खिलाफ विभाग किस तरह ठोस कार्रवाई करती है।





