
— सारसडोली बाजार में अचानक भड़की आग से मची अफरा-तफरी, मनिहारी सामग्री और कपड़े जलकर खाक, करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान
डिंडौरी। मेंहदवानी थाना क्षेत्र के सारसडोली बाजार में विगत रविवार रात एक जनरल स्टोर में अचानक आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आगजनी की इस घटना में दुकानदार को करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को आग लगने का पता चला। कुछ ही देर में आग ने दुकान के भीतर रखे मनिहारी सामग्री, कपड़े और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालने के साथ ही पास की पानी की टंकी से नल चालू कर आग बुझाने का प्रयास किया। सामूहिक प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से करीब ढाई लाख रुपये की सामग्री का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलने पर मेंहदवानी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


