Big Breaking :  डिंडौरी में दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, जलाशय में डूबने से 12 और 13 साल की दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत, तीसरी ने तैरकर बचाई जान…

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

 

— जिस त्यौहार पर घरों में खुशियों के दीप जलने थे, वहां उठीं दो मासूम बेटियों की अर्थियां ! नहाने गई थीं तीन बच्चियां, दो की मौत, तीसरी ने तैरकर बचाई जान

डिंडौरी/शहपुरा। दीपावली का त्यौहार था… हर तरफ रोशनी थी, घरों में खुशियां थीं, बच्चे त्यौहार की उमंग में डूबे थे। लेकिन ग्राम सरई माल के दो परिवारों के लिए यह दीपावली जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गई। जिन घरों में दीपों की रोशनी के बीच हंसी-खुशी का माहौल होना था, वहां दो मासूम बेटियों की मौत ने ऐसा अंधेरा कर दिया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।

जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरई माल स्थित सरई जलाशय में नहाने गईं तीन नाबालिग बच्चियों में से दो की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीसरी बच्ची किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रही। हादसे में जान गंवाने वाली दोनों बच्चियों की उम्र 12 और 13 वर्ष बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को तीनों बच्चियां सरई जलाशय में नहाने पहुंची थीं। नहाते समय वे गहरे पानी की ओर चली गईं। इसी दौरान दो बच्चियां पानी में डूबने लगीं। देखते ही देखते खुशियों से भरा दिन चीख-पुकार और जिंदगी बचाने की जद्दोजहद में बदल गया। साथ मौजूद तीसरी बच्ची किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई और उसकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से जलाशय में तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव पानी से बरामद किए गए। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

जिन घरों में मननी थी दीपावली, वहां छाया मातम

दीपावली पर हर मां-बाप की तरह उन परिवारों ने भी अपनी बेटियों के साथ खुशियां मनाने के सपने संजोए होंगे। शायद घरों में दीप जलाने की तैयारी रही होगी, त्योहार की मिठास और बच्चों की हंसी से आंगन गूंजने की उम्मीद रही होगी। लेकिन एक हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

अब उन घरों में दीपावली की रौनक नहीं, बल्कि अपनों को खोने का असहनीय दर्द है। जिन बेटियों की किलकारियों से घर गुलजार रहता था, उनकी असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

त्यौहार की खुशियों के बीच सुरक्षा का बड़ा सवाल

सरई जलाशय में हुआ यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि गहरे जलाशय और तालाब बच्चों के लिए कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम, चेतावनी संकेत और बच्चों को जागरूक करने की जरूरत है, ताकि किसी दूसरे परिवार को इस तरह का दर्द न सहना पड़े। इस दीपावली पर सरई माल में दीप तो जले, लेकिन दो परिवारों की जिंदगी से खुशियों की रोशनी हमेशा के लिए छिन गई। दो मासूम बेटियों की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *