Dindori News : प्रभारी मंत्री का बड़ा एक्शन! गायब अधिकारियों को नोटिस, 5 करोड़ घोटाले की जांच, अफसरों पर कार्रवाई और ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट…

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

 

 

डिंडौरी में योजनाओं, निर्माण कार्यों और विभागीय गतिविधियों की हुई व्यापक समीक्षा

 

 

डिंडौरी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री एवं डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले की विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

बैठक में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, पुलिस विभाग, नर्मदा घाटी प्राधिकरण, राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।

 

प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग को राधोपुर, बसनिया एवं बिजौरा जलाशय परियोजनाओं में किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए नहर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट प्रस्ताव भेजने एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।

 

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोषण आहार वितरण एवं आंगनवाड़ी संचालन से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा हुई। वहीं अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों, आश्रमों एवं शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों से जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने जल संसाधन विभाग एवं राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण के अधिकारियों के समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने और कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

 

 

बैठक में एनआरएलएम विभाग द्वारा बैगा परियोजना में लगभग 5 करोड़ रुपए की राशि के उपयोग की समीक्षा भी की गई। अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन प्रबंधक, ब्लॉक समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्षों से अपूर्ण पड़े आवासों पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी मंत्री ने संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

 

नर्मदा घाटी प्राधिकरण को राधोपुर बांध निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नर्मदा नदी किनारे संचालित मांसाहार दुकानों को हटाने की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। बैठक में लाड़ली लक्ष्मी योजना, एकलव्य विद्यालयों एवं छात्रावासों में रोटी मेकर मशीन वितरण से संबंधित शिकायतों पर भी चर्चा हुई। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को मामले की जांच के निर्देश दिए गए।

 

 

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक ओमकार मरकाम, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *